मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान सिवान जिले को 109 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, जिले के विकास के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
“बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में आज सिवान जिले को 109 करोड़ रुपए की लागत वाली 127 विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में आज सिवान जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले को 109 करोड़ रुपए की लागत वाली 127 विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी। इनमें 83 करोड़ 47 लाख 37 हजार रुपए की लागत से 122 योजनाओं का उद्घाटन और 25 करोड़ 38 लाख 27 हजार रुपए की लागत से 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
सिवान जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
सिवान जिले में जाम की समस्या के समाधान के लिए एन.एच. 227 से एन.एच. 531 के बीच सिवान बाईपास का निर्माण किया जाएगा।
इसी प्रकार आन्दर ढाला में जाम की गंभीर समस्या को देखते हुए आन्दर ढाला से हुसैनगंज पथ का चौड़ीकरण किया जाएगा।
मौनिया बाबा मेला महाराज को राजकीय मेला का दर्जा दिया जाएगा। यह 100 वर्ष पुराना मेला है। इससे यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सिसवन ढाला में आर.ओ.बी. का निर्माण किया जाएगा।
बिजली व्यवस्था में सुधार हेतु मैरवा में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
सिवान में एक नए प्रेक्षागृह का निर्माण किया जाएगा। इससे विभिन्न बड़े कार्यक्रमों में सुविधा होगी।
भण्टापोखर-जीरादेई पथ (भाया जामापुर बाजार) का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। इस पथ में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के जन्म स्थान को अच्छी सम्पर्कता मिलेगी, जिससे लोगों को यहां आने में सुविधा होगी।
सिवान जिले में 55 किलोमीटर लंबे मांझी-दरौली-गुठनी पथ का 10 मीटर चौड़ीकरण किया जाएगा।
घाघरा नदी पर उत्तर प्रदेश की तरफ से बनाए गए 2 पुलों को सिवान जिला से सम्पर्कता हेतु पहुंच पथों का निर्माण कराया जाएगा।