सीएम नीतीश कुमार ने वैशाली जिले को दी 276 करोड़ 80 लाख रुपए की सौगात, जिले के विकास के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
“बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान आज वैशाली जिले में 276 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत वाली 344 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान आज वैशाली जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 276 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत वाली 344 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने जिले के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की।
आदर्श पुस्तकालय का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के पटेढ़ी बेलसर प्रखंड स्थित नगवां ग्राम पंचायत में जल जीवन हरियाली अभियान के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कराए गए पोखर का मुआयना करते हुए उसमें मछली का जीरा छोड़ा। उन्होंने कहा कि जल का संरक्षण करना हर व्यक्ति का दायित्व है। इसके बाद उन्होंने आदर्श पुस्तकालय सह कैरियर विकास केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने जीविका दीदियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
वाया नदी में गाद की समस्या को लेकर नदी स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाया नदी में गाद की समस्या को लेकर मौना पुल से वाया नदी के स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने महनार स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
वैशाली जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
वाया नदी की उड़ाही कराई जाएगी, जिससे आठ प्रखंडों के लोगों को बाढ़ की समस्या से निजात मिलेगी।
बरैला झील का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इससे पर्यटन और मतस्य पालन को बढ़ावा मिलेगा। इस झील में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं और यह देश का एक महत्वपूर्ण पक्षी विहार है।
महुआ में ग्रिड सब-स्टेशन तथा चार प्रखंडों में नए पावर सब-स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
हाजीपुर शहर में जल निकासी हेतु नाला का निर्माण कराया जाएगा। इससे हाजीपुर शहर में जलजमाव से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
गोरौल में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे आस-पास के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
गंडक नदी के हाजीपुर साइड में छूटे हुए भाग में तटबंध का निर्माण तथा सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इससे बाढ़ और जलजमाव से राहत मिलेगी।
वैशाली जिले में आमस-दरभंगा रोड के किनारे 1 हजार 293 एकड़ भूमि पर बड़ा औद्योगिक पार्क बनाया जाएगा।