राजस्थान में ठंड बढ़ी, कई जिलों में गिरा पारा
“मौसम विभाग का अलर्ट राजस्थान में अगले सप्ताह ठंड बढ़ेगी”
प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को सर्दी से राहत मिली है। राज्य में सबसे कम 6 दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान माउंट आबू में दर्ज हुआ।
टोंक के वनस्थली में 6 दशमलव 9, अलवर में 7 दशमलव 2, सिरोही में 7 दशमलव 9, डबोक में 9 दशमलव 1, जैसलमेर में 8 दशमलव 3, करौली में 10 दशमलव 6 और राजधानी जयपुर में 11 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इस बीच प्रदेश में कई स्थानों पर कोहरे से जनजीवन पर असर पड़ा है। दौसा में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे के असर से रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। डीग जिले में तेज ठण्ड और कोहरे के असर से जनजीवन पर असर पड़ा है। सर्दी के चलते जिला कलेक्टर ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। श्रीगंगानगर से हमारे संवाददाता ने बताया कि आज दिनभर कोहरे का असर नजर आया।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने तथा अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।
बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 से 12 जनवरी के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में मावठ होने का पुर्वानुमान है।