सोलन में क्रिसमस की धूमधाम: बाजारों में रौनक और तैयारी चरम पर
“क्रिसमस के रंग में रंगा सोलन: खुशियों का माहौल”
सोलन शहर में धूम-धाम से क्रिसमस के त्योहार को खास तरीके से मनाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बार क्रिसमस के लिए बाजार में कई तरह की बेल छाई हुई हैं।
ड्राइंग रूम या घर के मुख्यद्वार को सुंदर बनाने के लिए ऐसे लाल, पीले, नीले, चमकीले, सुनहरे रंग-बिरंगे बेल्स खूब पसंद किए जा रहे हैं। घर को सजाने के लिए नए-नए तरह के रंग बिरंगे कैंडल्स बाजार में मिल रहे हैं, जो कि 60 से लेकर 150 रुपए में उपलब्ध हैं। इसके अलावा कई दुकानों में खासतौर से डिजाइनर कैंडल भी उपलब्ध हैं।
ग्राहकों की पसंद को देखते हुए कई तरह के परफ्यूम भी बाजार में उतर गए हैं। ये तरह-तरह की खुशबुओं में उपलब्ध हैं, जिसकी कीमत 80 से 800 रुपए तक है। इसके साथ ही त्योहार को देखते हुए चॉकलेट्स भी नए पैकिंग में दुकानों पर मौजूद हैं।
प्रभु यीशू के जन्मदिन को लेकर शहर में भी तैयारी पूरी हो गई हैं। शहर के चर्चो में विशेष प्रार्थना की तैयारी चल रही है। शहर के कई स्कूलों में क्रिसमस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। घरों में और चर्च में क्रिसमस-ट्री बनाए जा रहे हैं। सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र सेंट्रा क्लॉज बने हैं।
क्रिसमस के लिए लोग सांता क्लॉज की भी खूब खरीददारी कर रहे हैं। यह सांता क्लॉज कई साइज में उपलब्ध हैं, साइज के अनुसार ही उसके रेट तय किए गए हैं। सांता क्लॉज की ड्रेस भी लोग खरीद कर ले जा रहे हैं।
क्रिसमस पर जहां लोग अपने बच्चों को सांता क्लॉज की ड्रेस पहनाते हैं वहीं कई लोग खुद सांता क्लॉज बनकर गिफ्ट बांटते हैं। दुकानों पर मौजूद सुंदर क्रिसमस ट्री और सांता क्लॉज की ड्रेस लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।